प्रतिमाओं को पंचामृत से स्नान करा भगवान राम-दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा कर रात्रि कालीन राम चरित्र मानस का गायन वादन किया गया।

मनमोहनसिंह✍️
खैरा— ग्राम पंचायत खैरा में गाजे बाजे के साथ कलश यात्रा निकालकर विधिपूर्वक शुभ मुहूर्त के साथ भगवान श्री राम,लक्ष्मण ,जानकी और पवन पुत्र हनुमान की श्रीराम दरबार में प्राण प्रतिष्ठा किया गया। सुबह से लेकर शाम तक चली पूजन कार्य में ग्राम सहित आसपास के ग्रामीणजनो ने जगत कल्याण के लिए भक्ति भाव से सर झुकाकर आशीर्वाद मांगा । पूजन के पश्चात रात्रि कालीन रामचरितमानस गान का गायन वादन किया गया।

भक्तों के दुखों का हरण करने वाले भक्तवत्सल भगवान श्री राम का पूरा जीवन आदर्श एवं संघर्षों से युक्त है। जीवन में मर्यादा का पालन करते हुए भगवान श्री राम मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाये।” चित्र लिखे जनु जहं -तहं ढाले, पुलक शरीर नयन जल बाढ़े” जैसा भगवान श्रीराम का स्वरूप है। उनके आदर्शों को जीवन में चरितार्थ करने झामन सिंह राजपूत एवं श्रीमती शारदा देवी ने नव गृह में श्री राम दरबार का निर्माण करवाया। आस्था और भक्ति के साथ राम दरबार से कलश यात्रा निकाली गई।

जो कि ग्राम भ्रमण करते हुए ग्रामीण देवी-देवताओं की पूजा अर्चना पश्चात तालाब में कलश पूजन कर जल भरकर यथा स्थान राम दरबार पहुची। तत्पश्चात आचार्य मनोज दुबे के सानिध्य में विधि पूर्वक शुभ मुहूर्त के साथ पूजन, हवन यज्ञ की पूर्णाहुति किया गया। तत्पश्चात विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ पंचामृत से स्नान कराते हुए श्री राम दरबार में भगवान श्री राम, माता जानकी, भ्राता लक्ष्मण और राम भक्त हनुमान की संगमरमर की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई। श्री राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा पूर्ण होने के बाद मिट्टी के दीए प्रज्वलित किए गए। इस दौरान आयोजित हुए यज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहुतियां दी और सुख शांति एवं खुशहाली की मंगल कामना किया। उसके बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। पूजन के उपरांत रात्रि कालीन रामचरित मानस गान का आयोजन किया गया जिसमें पूरी रात श्रद्धालुओं द्वारा गायन वादन किया गया जिसे सुबह होते ही रामायण जी की आरती के साथ संपन्न किया गया।




