बिलासपुर: सिरगिट्टी अंडर ब्रिज बंद होने से आमजन परेशान,वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

बिलासपुर। सिरगिट्टी क्षेत्र में स्थित LHS-366 (तारबहार अंडर ब्रिज) को 1 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक मेंटेनेंस कार्य के चलते 45 दिनों के लिए बंद किए जाने के निर्णय पर आमजन की परेशानी बढेगी। इस संबंध में सिरगिट्टी वार्ड नंबर 10 के पार्षद एवं पूर्व प्रभारी राजस्व विभाग पुष्पेन्द्र साहू ने कलेक्टर एवं मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को पत्र लिखकर निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की है।document (28)पत्र में बताया गया है कि सिरगिट्टी, नागपुरा, धमनी,कोरमी,बसिया सहित आसपास के गांवों के लिए यह अंडर ब्रिज बिलासपुर शहर से जुड़ने का प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन हजारों लोग रोजगार, व्यापार और शिक्षा के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में अचानक 45 दिनों तक मार्ग बंद रहने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
पार्षद ने यह भी कहा है कि वैकल्पिक मार्ग चुचुहियापारा अंडर ब्रिज है, जो करीब 4 किलोमीटर दूर है। इससे लोगों को प्रतिदिन लगभग 8 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होगी। साथ ही वर्तमान में पेट्रोल-डीजल व घरेलू गैस की उपलब्धता में आ रही समस्याओं के बीच यह निर्णय आमजन पर अतिरिक्त बोझ डालेगा।
पत्र में प्रशासन से मांग की गई है कि अंडर ब्रिज के एक हिस्से को चालू रखते हुए दूसरे हिस्से में मेंटेनेंस कार्य किया जाए, ताकि दोपहिया वाहन, साइकिल चालकों एवं पैदल यात्रियों का आवागमन जारी रह सके। इसके अलावा कार्य अवधि को 45 दिनों से कम करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे पुलिस बल की तैनाती करने की भी मांग की गई है।




