
बलौदाबाजार। जिले के ग्राम लेवई के लिए यह वर्ष गौरव वर्ष के रूप में दर्ज हुआ है। इस गांव के कुल 19 युवाओं का चयन जेडी पुलिस, वन रक्षक (फॉरेस्ट गार्ड) व नगर सैनिक जैसे प्रतिष्ठित सुरक्षा बलों में हुआ है। इस बड़ी उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी,उत्साह और गर्व का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे खेल और अनुशासन की जीत बताया है।
जेडी पुलिस में चयनित युवाओं में दिनु मिर्झा, परश यादव, परमेश्वर रजक, अजीत टंडन, कृष्णा, लोमेश, रोशनी ध्रुव, लक्ष्मी, किरण, अंजू, ज्योति, प्रविना, राकेश सागर सहित अन्य युवाओं के नाम शामिल हैं। वहीं वन रक्षक (फॉरेस्ट गार्ड) के पद पर खिलेश्वर, लोकेश एवं मुकेश का चयन हुआ है। इसके अतिरिक्त नगर सैनिक के रूप में भी ग्राम के तीन युवाओं ने सफलता हासिल की है। कुल मिलाकर 19 युवाओं ने विभिन्न सुरक्षा सेवाओं में चयनित होकर ग्राम का नाम लेवई ही नही बल्कि पूरे जिले में रोशन किया है।
इस सफलता की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बिना किसी विशेष संसाधन के हासिल की गई है। पूर्व माध्यमिक शाला लेवई के शिक्षक एवं प्रशिक्षक फिरोज टंडन वर्ष 2006 से बच्चों को खो-खो, कबड्डी, एथलेटिक्स जैसे खेलों का प्रशिक्षण देते आ रहे हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने खेल को माध्यम बनाकर बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक दक्षता विकसित की। उनके मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि वर्ष 2013 से अब तक लेवई ग्राम के 25 से 30 बच्चों का चयन पुलिस, आर्मी, जेल प्रहरी, सीजी फोर्स, फॉरेस्ट गार्ड एवं रेलवे पुलिस जैसे विभागों में हो चुका है।इसी क्रम में इस वर्ष चयनित 19 युवाओं ने भी स्कूल के खेल मैदान में नियमित अभ्यास कर यह मुकाम हासिल किया है। चयन के बाद पूर्व में चयनित युवाओं ने प्रशिक्षक फिरोज टंडन का आभार व्यक्त करते हुए उनका सम्मान किया। वहीं गांव के ही पूर्व सरपंच उमेश ध्रुव ने बच्चों, उनके पालकों एवं प्रशिक्षकों को श्रीफल व पुष्पहार भेंट कर सम्मानित किया।
इस उपलब्धि के पीछे मावली स्पोर्ट्स क्लब लेवई की भी अहम भूमिका रही है। क्लब के सदस्य दिलेश्वर लहरी, उमेश ध्रुव, पूर्व सरपंच कमलेश, जीवराखन, जीवन, राकेश, राजेश, अनीता, मधु, नरेंद्र, अमृत एवं सचिव सालिकराम सहित अन्य का उल्लेखनीय सहयोग रहा। साथ ही ग्राम के जागरूक नागरिकों, खेल एवं क्रीड़ा विभाग तथा प्रशासनिक अधिकारियों प्रीति बंछोर,आलोक गुप्ता, शरद पंसारी, देवांगन, बीईओ वीरेंद्र बंजारे एवं हेमू का भी मार्गदर्शन मिला।इन सभी ने इस सफलता को आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए सभी चयनित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




