छत्तीसगढ़बिलासपुर संभागभारतीय जनता पार्टीरमेश भट्ट - एडिटर& चीफ।

बिलासपुर में स्वास्थ्य मंत्री की प्रेसवार्ता, मोदी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का किया बखान।

बिलासपुर में स्वास्थ्य मंत्री की प्रेसवार्ता, मोदी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का किया बखान।

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बिलासपुर में प्रेसवार्ता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने जनधन खाते, प्रधानमंत्री आवास योजना, घर-घर शौचालय, किसान सम्मान निधि और उज्ज्वला योजना सहित कई योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से आम लोगों तक सीधे लाभ पहुंचा है।
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में दुर्गम और जनजातीय क्षेत्रों में सड़क निर्माण, रेलवे कनेक्टिविटी तथा हाईवे विस्तार जैसे कार्यों को गति मिली है। उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों के साथ नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई को भी सरकार की उपलब्धियों में शामिल किया।

स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान योजना का किया जिक्र

स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना को प्रमुख उपलब्धि बताते हुए कहा कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को भी योजना के दायरे में इलाज की सुविधा दी जा रही है। आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों के भुगतान को लेकर उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय का करीब 1400 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान किया गया है। मंत्री के इस दावे का उल्लेख पूर्व में भी सार्वजनिक बयानों में सामने आया है।

सिम्स में खराब मशीनों और कथित भ्रष्टाचार के सवाल पर घिरे मंत्री।

प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों ने बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में खराब मशीनों और कथित भ्रष्टाचार की जांच को लेकर सवाल किए। इन सवालों पर मंत्री ने सरकार की स्वास्थ्य सुविधाओं और उपलब्धियों का हवाला दिया। उन्होंने बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, सिम्स भवन तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को सरकार की उपलब्धियों के रूप में बताया।
गौरतलब है कि सितंबर में स्वास्थ्य मंत्री ने सिम्स का औचक निरीक्षण भी किया था। इस दौरान उन्होंने मरीजों से इलाज, दवाइयों और जांच सुविधाओं का फीडबैक लिया था तथा अस्पताल की कुछ व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए थे।

17 अस्पतालों पर कार्रवाई का दावा

मंत्री ने आयुष्मान योजना में अनियमितताओं के मामलों का जिक्र करते हुए बताया कि 17 अस्पतालों पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य योजनाओं में पारदर्शिता और पात्र मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। प्रेसवार्ता में स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचने का दावा किया, वहीं सिम्स की व्यवस्थाओं और कथित अनियमितताओं से जुड़े पत्रकारों के सवालों ने स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को भी चर्चा में ला दिया।

Youtube Channel

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!