कोटा पुलिस की अवैध महुआ शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई 133 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार; मोटरसाइकिल भी जब्त।


कोटा पुलिस की अवैध महुआ शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई 133 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार; मोटरसाइकिल भी जब्त।
कोटा/बिलासपुर। अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘प्रहार’ के तहत कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 133 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में अभियान चलाया जा रहा है। थाना कोटा प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिलीप कुमार साहू ने पुलिस टीम गठित कर मुखबिर की सूचनाओं पर कार्रवाई की।

गनियारी में 113 लीटर शराब बरामद
पहली कार्रवाई में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गनियारी के बांधा तालाब के पास घेराबंदी की। यहां पुलिस ने विरेन्द्र वर्मा (34), निवासी गनियारी को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे और झोपड़ी से कुल 113 लीटर हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 22,600 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत पूर्व में भी चार मामले दर्ज हैं।
मोटरसाइकिल से शराब परिवहन करते आरोपी पकड़ा
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को बिल्लीबंद से नवागांव की ओर मोटरसाइकिल से शराब परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर नाका चौक के पास घेराबंदी कर बृजभूषण उर्फ मुकेश कुमार जगत (30), निवासी नवागांव को पकड़ा गया।
उसके कब्जे से बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 EF 3831 में परिवहन की जा रही 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है।
133 लीटर शराब और वाहन जब्त
दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 133 लीटर अवैध महुआ शराब तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से डिजिटल साक्ष्य भी सुरक्षित किए गए।
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव, भुनेश्वर मरावी तथा आरक्षक सुनील पटेल, मोहन ध्रुव, महेंद्र रजवाड़े और धर्मेंद्र साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







