छत्तीसगढ़बिलासपुर संभागरमेश भट्ट - एडिटर& चीफ।

पंडरा पथरा में दुग्ध शीतलीकरण संयंत्र का शुभारंभ, 20 गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ बेलगहना क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा, कलेक्टर संजय अग्रवाल ने 2 हजार लीटर क्षमता वाले संयंत्र का किया उद्घाटन।

पंडरा पथरा में दुग्ध शीतलीकरण संयंत्र का शुभारंभ, 20 गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ
बेलगहना क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा, कलेक्टर संजय अग्रवाल ने 2 हजार लीटर क्षमता वाले संयंत्र का किया उद्घाटन।

 

बिलासपुर, । राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर बेलगहना क्षेत्र के ग्राम पंडरा पथरा में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने 2 हजार लीटर क्षमता वाले दुग्ध शीतलीकरण संयंत्र (बल्क मिल्क कूलर) का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस संयंत्र की स्थापना से क्षेत्र के 20 गांवों के लगभग 100 किसानों और पशुपालकों को लाभ मिलेगा।
राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) एवं छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ द्वारा डेयरी समग्र विकास योजना के तहत यह संयंत्र स्थापित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर आयोजित किसान संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि किसानों की समृद्धि से ही देश की समृद्धि संभव है। ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन किसानों की नियमित आमदनी का बेहतर माध्यम बन सकता है। उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य, पौष्टिक चारे की उपलब्धता, बेहतर पशुपालन प्रबंधन और दूध के सुरक्षित संग्रहण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।


कलेक्टर ने किसानों, विभागीय अधिकारियों एवं दुग्ध महासंघ के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार कर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को आवश्यक सहयोग एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

20 गांवों के किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

पंडरा पथरा दुग्ध संग्रहण केंद्र से वर्तमान में 20 गांवों के लगभग 100 किसान जुड़े हुए हैं। यहां सुबह और शाम लगभग 200-200 लीटर दूध का संग्रहण किया जा रहा है। इस प्रकार प्रतिदिन करीब 400 लीटर दूध एकत्रित हो रहा है। आगामी चार से पांच महीनों में प्रतिदिन 2 हजार लीटर तक दूध संग्रहण का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को प्रत्येक 10 दिन में दूध की राशि का भुगतान किया जा रहा है।

नए शीतलीकरण संयंत्र से दूध की गुणवत्ता बनाए रखने,

सुरक्षित भंडारण और बेहतर विपणन में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्र के अधिक से अधिक किसानों को दुग्ध व्यवसाय से जुड़कर अपनी आमदनी बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

किसानों को अनुदान पर मिली चारा काटने की मशीन

कार्यक्रम के दौरान किसान जुगल यादव एवं मोहम्मद वाहिद अंसारी को लगभग 40 हजार रुपये मूल्य की चारा काटने की मशीन (चाफ कटर) मात्र 6 हजार रुपये में अनुदान पर प्रदान की गई। इससे पशुओं के लिए चारा तैयार करने में समय और श्रम की बचत होगी।


संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने किसानों एवं पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण दूध उत्पादन, पशु पोषण तथा बेहतर पशुपालन प्रबंधन की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. जीएसएस तंवर, एनडीडीबी के के.सी. बेहरा, ग्राम पंचायत की सरपंच, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में किसान एवं पशुपालक उपस्थित रहे।
पंडरा पथरा में स्थापित यह दुग्ध शीतलीकरण संयंत्र बेलगहना क्षेत्र के ग्रामीण किसानों के लिए आर्थिक उन्नति और स्वरोजगार की नई संभावनाओं का रास्ता खोलने वाला साबित हो सकता है।

Youtube Channel

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!