रतनपुर पुलिस की कार्रवाई: गांजा बिक्री के मामले में फरार 62 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार।

रतनपुर पुलिस की कार्रवाई: गांजा बिक्री के मामले में फरार 62 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार।
8.185 किलो गांजा जब्ती मामले में पुलिस कर रही थी तलाश, आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर।
बिलासपुर। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रतनपुर पुलिस ने गांजा बिक्री के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 62 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को रतनपुर पुलिस ने ग्राम जाली निवासी भंवर सिंह नेताम के घर पर दबिश देकर उसके कब्जे से 8 किलो 185 ग्राम गांजा बरामद किया था। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 लाख 9 हजार रुपये बताई गई थी।
पूछताछ के दौरान आरोपी भंवर सिंह नेताम ने पुलिस को बताया कि उसने उक्त गांजा जिला बिलासपुर के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिण्डाडीह निवासी रामायण उर्फ मुन्ना पटेल (62 वर्ष), पिता बोलवा पटेल से खरीदकर लाया था। इसके बाद से ही पुलिस रामायण उर्फ मुन्ना पटेल की तलाश कर रही थी।
आरोपी के अपने घर में मौजूद होने की सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस ने तत्काल दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में बिलासपुर जिले के उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई की। इसमें वर्तमान थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रतिभा पटेल, सहायक उपनिरीक्षक पवन सिंह, आरक्षक देवानंद चन्द्राकर एवं आकाश डोंगरे का विशेष योगदान रहा।
नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की निगरानी जारी है और ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।



