कोटा न्यूज़छत्तीसगढ़बिलासपुर संभाग

युवाओं में समाजसेवा की अलख जगाएगा रासेयो शिविर, केकराडीह में सात दिवसीय आयोजन का आगाज।

युवाओं में समाजसेवा की अलख जगाएगा रासेयो शिविर, केकराडीह में सात दिवसीय आयोजन का आगाज।

बेलगहना। स्वामी आत्मानंद शासकीय बहुउद्देश्यीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा ग्राम केकराडीह में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्देश्य युवाओं में समाजसेवा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं सामाजिक जागरूकता की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला संगठक शीतेश जैन एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शीतेश जैन ने राष्ट्रीय सेवा योजना के ध्वज, संगठन की कार्यप्रणाली, शिविर के उद्देश्य तथा समाचार पत्र-पत्रिकाओं की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। शासन द्वारा युवाओं के विकास के लिए अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, इसलिए स्वयंसेवकों को एक जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनकर समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने रासेयो के खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय से लेकर जमीनी स्तर तक स्वयंसेवकों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर भी प्रकाश डाला तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विशिष्ट अतिथि ऋग्वेंद्र सिन्हा ने नशामुक्ति पर अपने विचार रखते हुए युवाओं को खानपान और दिनचर्या में सुधार लाने की सलाह दी। उन्होंने समय पालन को जीवन की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। वहीं अतिथि मनीराम उइके ने छत्तीसगढ़ी भाषा में नशामुक्ति पर आधारित प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्रवण सिंह पैकरा ने उपस्थित सभी स्वयंसेवकों, अतिथियों एवं ग्रामवासियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने समाज को नशे जैसी बुराई से मुक्त बनाने के लिए युवाओं से आगे आने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि रासेयो का यह विशेष शिविर 16 नवंबर से 22 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर की दिनचर्या प्रतिदिन सुबह 5 बजे प्रभात फेरी से प्रारंभ होकर रात्रि 10 बजे तक निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार संचालित होती है। प्रतिदिन राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत का सामूहिक गायन भी किया जाता है। सात दिनों तक चलने वाले इस शिविर में स्वयंसेवक विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करेंगे।
कार्यक्रम में मिडिल स्कूल केकराडीह के प्रधानपाठक अजय डहरिया, नारायण नायक, सौरभ सिंह, आर.एल. चंद्रा, पंचायत प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में रासेयो कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने सभी अतिथियों, ग्रामवासियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रासेयो का यह शिविर युवाओं को समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने और ग्रामीण क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Youtube Channel

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!