कोटा न्यूज़खेंलछत्तीसगढ़रमेश भट्ट - एडिटर& चीफ।शिक्षा

डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट में बाल दिवस पर भव्य फन फेयर का आयोजन।

डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट में बाल दिवस पर भव्य फन फेयर का आयोजन

कोटा गोबरीपाट ।बाल दिवस के उपलक्ष्य पर डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट में फन फेयर एवं बाल मेला का भव्य आयोजन किया गया। पूरा विद्यालय परिसर बच्चों की चहल-पहल, हँसी-खुशी और उत्साह से गूँज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। चाचा नेहरू को याद करते हुए बच्चों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उनके चेहरे की मुस्कान ही सबसे बड़ी पूँजी है।

बच्चों ने लगाए स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल

बाल मेले में बच्चों ने स्वयं विभिन्न स्टॉल लगाए। स्टॉलों में इडली, गुपचुप (पानीपुरी), भेल, मैगी, ढोकला, पापड़, चाट सहित कई स्वादिष्ट व्यंजन रखे गए। बच्चों ने दुकानदार और ग्राहक दोनों की भूमिका बखूबी निभाई। शिक्षकों और अभिभावकों ने भी बच्चों के हाथ के बने व्यंजनों का स्वाद चखा और उनकी खूब सराहना की।

खेलों में भी खूब मस्ती

फन फेयर में खेलों का भी विशेष आयोजन हुआ। बच्चों ने विभिन्न खेल खेले और पुरस्कार जीते। खास बात यह रही कि प्राचार्य सुधांशु जायसवाल के साथ सभी शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ खेल खेले, जिससे बच्चों का उत्साह दोगुना हो गया। पूरा मैदान तालियों और हँसी से गूँजता रहा।

विषयों के मॉडल बने आकर्षण का केंद्र

इस अवसर पर बच्चों ने अपने सभी विषयों से संबंधित सुंदर-सुंदर मॉडल भी बनाए। विज्ञान, गणित, हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान के मॉडलों को देखकर सभी ने बच्चों की रचनात्मकता की प्रशंसा की।

कार्यक्रम के अंत तक पूरे विद्यालय में खुशी का माहौल बना रहा। बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेकर, जलपान ग्रहण कर तथा खेलकूद का आनंद लेकर बाल दिवस को अत्यंत यादगार बना दिया।

प्राचार्य ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षकों, बच्चों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

Youtube Channel

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!