कोटा न्यूज़छत्तीसगढ़बिलासपुर संभागरमेश भट्ट - एडिटर& चीफ।शिक्षा

अपेक्स इंटरनेशनल स्कूल में बाल दिवस पर सजा आनंद मेले का संसार, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन।

अपेक्स इंटरनेशनल स्कूल में बाल दिवस पर सजा आनंद मेले का संसार, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन।

कोटा (बिलासपुर)। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को अपेक्स इंटरनेशनल हायर सेकेंडरी स्कूल, करगी रोड कोटा में भव्य आनंद मेले का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे शुरू हुए इस आयोजन में बच्चों का उत्साह, उमंग और रचनात्मक प्रतिभा देखते ही बन रही थी। विद्यालय परिसर में आयोजित इस मेले ने बच्चों के साथ-साथ अतिथियों और अभिभावकों का भी मन मोह लिया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती सीमा त्रिखा दत्त, प्राचार्य पीएम श्री सेजेस डी.के.पी. हायर सेकेंडरी स्कूल, करगी रोड कोटा एवं संकुल प्रभारी उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में संकल्प लर्निंग क्लासेस के संचालक श्री विकास सर ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। अतिथियों ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मेले का विशेष आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा तैयार की गई फेयरी लैंड एवं जंगल सफारी की आकर्षक झांकियां रहीं। इन झांकियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की मेहनत और उनकी अनूठी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया।
आनंद मेले में विद्यार्थियों के लिए साइंस जोन, फूड जोन एवं गेम जोन सहित विभिन्न आकर्षक स्टॉल लगाए गए। साइंस जोन में बच्चों ने वैज्ञानिक मॉडल और प्रयोगों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। फूड जोन में स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे, जबकि गेम जोन में मनोरंजक खेलों ने बच्चों और आगंतुकों का भरपूर मनोरंजन किया। इसके अलावा ट्रैम्पोलिन एवं मिकी माउस उछल-कूद झूले ने बच्चों के उत्साह को दोगुना कर दिया।


कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के संचालक श्री अमित कुमार सोनी एवं संचालक सहयोगी श्री गणेश जायसवाल तथा श्री तारक नाथ जैसवारा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया। सभी के सामूहिक प्रयासों से आनंद मेला यादगार बन गया।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों की छिपी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें अपनी रचनात्मकता और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना भी है। बाल दिवस पर आयोजित यह आनंद मेला बच्चों के लिए खुशियों, सीखने और मनोरंजन का यादगार उत्सव साबित हुआ।

Youtube Channel

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!