पुरानी रंजिश में चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोप में चार गिरफ्तार, कोटा पुलिस की कार्रवाई अपराध दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा, चाकू, लकड़ी का डंडा और बुलेट बाइक जब्त।

पुरानी रंजिश में चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोप में चार गिरफ्तार, कोटा पुलिस की कार्रवाई अपराध दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा, चाकू, लकड़ी का डंडा और बुलेट बाइक जब्त।
कोटा/बिलासपुर, 27 अक्टूबर 2026। कोटा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति पर चाकू और लकड़ी के डंडे से हमला करने के मामले में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू, एक लकड़ी का डंडा और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वेल्डिंग दुकान के पास हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी का पिछले एक वर्ष से पुरानी बात को लेकर कोमल साहू और नितेश साहू के साथ विवाद चल रहा था। प्रार्थी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच आए दिन लड़ाई-झगड़े की स्थिति बनती रहती थी।
दिनांक 26 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे प्रार्थी अपनी पिकअप गाड़ी बनवाने के लिए शिव वेल्डिंग दुकान गया था। इसी दौरान कोमल साहू, नितेश साहू और गिरिजा शंकर दुबे वहां पहुंचे। आरोप है कि नितेश साहू ने प्रार्थी को पकड़ लिया, जिसके बाद कोमल साहू ने जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से तीन से चार बार वार किया। प्रार्थी ने अपने हाथों से वार रोकने का प्रयास किया। वहीं, गिरिजा शंकर दुबे ने लकड़ी के डंडे से उसकी पीठ और भुजा पर हमला किया।
घटना के बाद प्रार्थी ने कोटा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार और बाइक जब्त
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
कोमल साहू (22 वर्ष), पिता रविशंकर साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 09, डोंगरीपारा, कोटा।
नितेश साहू (26 वर्ष), पिता रविशंकर साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 09, डोंगरीपारा, कोटा।
देवेंद्र साहू (21 वर्ष), पिता विजय साहू, निवासी डोंगरीपारा, कोटा।
गिरिजा शंकर दुबे (32 वर्ष), पिता रमाकांत दुबे, निवासी पड़ावपारा, कोटा।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित सामग्री जब्त की है—
एक नग धारदार चाकू।
एक नग लकड़ी का डंडा।
घटना में प्रयुक्त एक नग बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BQ 7102।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 3(5), 61 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह (रा.पु.से.) तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपुर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी की। इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी प्रधान आरक्षक/उप निरीक्षक दिलीप साहू, सहायक उप निरीक्षक शिव साहू, आरक्षक धर्मेंद्र साहू (192), सोम कुमार उइके (491), जलेश्वर साहू (252) और मोहन सिंह ध्रुव (654) की विशेष भूमिका रही।



