जन्मदिन पर शिक्षिका मीरा रजक ने बच्चों के साथ बांटी खुशियां, व्यवसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने समाजसेवियों ने बढ़ाया सहयोग।

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला झिंगटपुर में न्योता भोज एवं दान उत्सव का आयोजन, बच्चों को मिलीं सिलाई मशीनें जन्मदिन पर शिक्षिका मीरा रजक ने बच्चों के साथ बांटी खुशियां, व्यवसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने समाजसेवियों ने बढ़ाया सहयोग।
कोटा/बिलासपुर। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला झिंगटपुर में शिक्षा के साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक सहभागिता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। विद्यालय में न्योता भोज एवं दान उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों को विशेष भोज कराया गया, वहीं उनके कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए महत्वपूर्ण सहयोग भी प्रदान किया गया।
जन्मदिन पर शिक्षिका ने बच्चों को कराया न्योता भोज
विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती मीरा रजक ने अपने जन्मदिवस को खास बनाने के लिए बच्चों के साथ खुशियां बांटने का निर्णय लिया। उन्होंने विद्यालय के सभी बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया। इस दौरान बच्चों को पूरी, सब्जी, चावल एवं दूध परोसा गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक पंक्तिबद्ध बैठकर भोजन किया। शिक्षिका की इस पहल से विद्यालय में खुशी और अपनत्व का माहौल देखने को मिला।
दान उत्सव में मिलीं दो सिलाई मशीनें
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ने और उनके कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दान उत्सव का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुंगेली निवासी समाजसेवी श्री ईश्वर लाल देवांगन ने विद्यालय को बच्चों के कौशल विकास के लिए दो सिलाई मशीनें दान कीं। इससे विद्यार्थियों को सिलाई प्रशिक्षण के माध्यम से व्यावहारिक कौशल सीखने का अवसर मिलेगा।
वहीं, दिल्ली निवासी सामाजिक कार्यकर्ता श्री आर.सी. विरवानी ने कंप्यूटर प्रशिक्षक श्री राहुल भानू एवं सिलाई प्रशिक्षिका श्रीमती कांति भानू को प्रतिमाह 2,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने पर सहमति जताई। उल्लेखनीय है कि श्री विरवानी पूर्व में भी विद्यालय में व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षक एवं आर्थिक सहयोग उपलब्ध करा चुके हैं।
कंप्यूटर लैब का हुआ शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी नवनीत तम्बोली ने कंप्यूटर लैब का फीता काटकर शुभारंभ किया। कंप्यूटर लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने और डिजिटल ज्ञान विकसित करने में मदद मिलेगी।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में संध्या जायसवाल, दीपिका रोश किंडो, ग्राम मुखिया दिलीप सिंह पोर्ते, जनपद सदस्य शिवबाई नेताम एवं पप्पू नेताम सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।



