शासकीय भूमि पर धान की बोआई से रास्ता बंद, तहसीलदार के निर्देश पर पटवारी ने खुलवाया मार्ग।


शासकीय भूमि पर धान की बोआई से रास्ता बंद, तहसीलदार के निर्देश पर पटवारी ने खुलवाया मार्ग।
बिलासपुर कोटा । बेलगहना तहसील अंतर्गत ग्राम केकराडीह में शासकीय भूमि को निजी बताकर धान की बोआई किए जाने और ग्रामीणों के आवागमन का रास्ता बाधित किए जाने का मामला सामने आया था । ग्रामीणों ने इस संबंध में तहसील कार्यालय बेलगहना में शिकायत कर रास्ता खुलवाने तथा भूमि की जांच कराने की मांग की थी।
ग्रामीणों के अनुसार, समुन्द सिंह द्वारा उक्त भूमि को अपनी निजी जमीन बताते हुए धान की बोआई कर दी गई थी। धान की बोआई के चलते ग्रामीणों के आने-जाने वाला रास्ता भी बाधित हो गया था। इससे गांव के लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की थी ।

तहसीलदार के निर्देश पर पहुंचीं पटवारी
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बेलगहना तहसीलदार के निर्देश पर पटवारी आकांक्षा मिश्रा मौके पर पहुंचीं। पटवारी ने मौके का निरीक्षण करने के साथ संबंधित भूमि की स्थिति की जांच की। राजस्व अभिलेखों की जांच में संबंधित भूमि शासकीय भूमि दर्ज होना सामने आया।
ग्रामीणों का आरोप था कि शासकीय भूमि को निजी बताकर उस पर धान की बोआई कर घेरा की गई है । मौके की जांच के बाद ग्रामीणों के आवागमन में बाधा बने रास्ते को खुलवाया गया, जिससे ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली और आवागमन पुनः शुरू हो गया।
ग्रामीणों ने की स्थायी समाधान की मांग
रास्ता खुलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त मार्ग का उपयोग लंबे समय से गांव के लोग आने-जाने के लिए करते आ रहे हैं। रास्ता बंद होने से ग्रामीणों के अलावा स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और खेतों में आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित शासकीय भूमि का सीमांकन एवं राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर स्पष्ट निर्धारण कराया जाए, ताकि भविष्य में दोबारा रास्ते को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित न हो। साथ ही शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार के निजी कब्जे या उपयोग की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है। तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व अमले द्वारा की गई जांच और रास्ता खुलवाने की कार्रवाई से फिलहाल केकराडीह के ग्रामीणों को राहत मिली है।







