आचानकमार टाईगर रिजर्व सड़क मार्ग से अब आना जाना हुआ बंद।

आचानकमार टाईगर रिजर्व सड़क मार्ग से अब आना जाना हुआ बंद।
कोटा।अचानकमार टाइगर रिजर्व मार्ग हमेशा से चर्चा में रहा है। एकाएक इसे बंद कर दिया जाता है तो उसके बाद कुछ नए आदेश जारी होने के बाद प्रबंधन को इसे खोलना पड़ता है। प्रबंधन का हमेशा से यह प्रयास रहा है कि यह आम रास्ता न रहे। दरअसल वाहनों के दबाव के कारण वन्य प्राणियों की गतिविधियां प्रभावित होती है। इसके अलावा उन्हें खतरा भी है। इस मसले को टाइगर रिजर्व प्रबंधन सारे महत्वपूर्ण फोरम में उठाता आया है। दिसंबर में स्टेट वाइल्ड लाइफ बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक थी। जिसमें भी इस मार्ग को बंद करने को चर्चा हुई। बोर्ड के सदस्यों ने प्रस्ताव पारित कर मार्ग बंद करने का निर्णय भी लिया।हालांकि निर्णय के बाद भी टाइगर रिजर्व प्रबंधन कुछ महीनों तक इस पर नियमानुसार अनुमति दे रहा था। लेकिन, अब निर्णय को लागू का दिया गया है। इसके लिए बकायदा दोनों प्रवेश बैरियरों पर एक बोर्ड लगाया गया है। इसमें पूर्णत: प्रतिबंधित मार्ग की सूचना दी गई। बोर्ड के जरिए बताया गया कि छत्तीसगढ़ राज्य वन्य जीव बोर्ड की 13वीं बैठक 19 दिसंबर 2022 को हुई थी। इस पर लिए गए निर्णय के अनुसार मार्ग बंद किया जा रहा है। बिना किसी सुगबुगाहट या चर्चा के अचानक मार्ग बंद होने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। बीते दो-तीन दिनों से जानकारी के अभाव में वह शिवतराई बैरियर या केंवची बैरियर पर पहुंचने के बाद लौट रहे हैं। बैरियर पर उन्हें कर्मचारियों के द्वारा प्रवेश से साफ मनाही कर दी जाती है।
आने जाने के लिए इन्हें होगी छूट…
- — एंबुलेंस, पीडीएस व महतारी एक्सप्रेस
- – पहले से जारी परमिट की बसें
- – स्थानीय ग्रामीण व उनके रिश्तेदार
अचानकमार टाइगर रिजर्व से गुजरने वाले मार्ग को पूर्णत: बंद कर दिया गया है। पहले इसलिए छूट दी गई थी, क्योंकि वैकल्पिक मार्ग आरएमकेके पूरी तरह से तैयार नहीं था। मार्ग से गुजरने की अनुमति केवल टाइगर रिजर्व के अंदर बसे ग्रामीणों और उनके रिश्तेदारों को रहेगी। बस, एंबुलेंस, महतारी एक्सप्रेस आदि वाहनों पर भी किसी तरह की पाबंदी नहीं है।

