एआई से तस्वीरें बदलकर आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने का आरोप, न्यूज़ पोर्टल संचालक गिरफ्तार।

एआई से तस्वीरें बदलकर आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने का आरोप, न्यूज़ पोर्टल संचालक गिरफ्तार।
रायपुर से सिरगिट्टी पुलिस ने ‘द हनी बैजर न्यूज़’ के संचालक दीपक टंडन को किया गिरफ्तार, ब्लैकमेलिंग और उगाही के आरोपों की भी जांच जारी।
बिलासपुर। एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक का दुरुपयोग कर तस्वीरों में कथित रूप से छेड़छाड़ करने, आपत्तिजनक एवं भ्रामक खबरें प्रकाशित कर लोगों की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के मामले में बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ‘द हनी बैजर न्यूज़’ पोर्टल के संचालक दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन (46 वर्ष) को रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को महाराणा प्रताप नगर, तिफरा निवासी मणीशंकर पांडेय ने थाना सिरगिट्टी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी तस्वीर को एआई तकनीक के माध्यम से परिवर्तित कर न्यूज़ पोर्टल और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक एवं अपमानजनक शीर्षकों के साथ खबरें प्रकाशित की गईं। शिकायतकर्ता ने इसे उनकी सामाजिक छवि धूमिल करने और ब्लैकमेलिंग के उद्देश्य से की गई कार्रवाई बताया।
एसएसपी के निर्देश पर दर्ज हुआ मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने सिरगिट्टी थाना प्रभारी को अपराध दर्ज कर त्वरित वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 798/2026 के तहत छत्तीसगढ़ टोन्ही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005 की धारा 4 एवं 5 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के अंतर्गत दीपक अंबेडकर टंडन, कोमल प्रसाद चौबे एवं अन्य के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
दो मोबाइल फोन जब्त, डिजिटल सामग्री की जांच
विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर दीपक टंडन की संलिप्तता सामने आने पर उसे रायपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन में हनी बैजर पोर्टल से संबंधित तथा अन्य आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप प्राप्त हुए हैं। जब्त डिजिटल सामग्री की जांच की जा रही है।
अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में ब्लैकमेलिंग एवं उगाही से जुड़े आरोपों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच जारी है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
डिजिटल दुरुपयोग करने वालों पर होगी कार्रवाई
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एआई और सोशल मीडिया जैसे डिजिटल माध्यमों का दुरुपयोग कर किसी व्यक्ति को बदनाम करने, प्रताड़ित करने, ब्लैकमेल करने अथवा अवैध उगाही करने वालों के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



