आंखों में मिर्ची डालकर बाइक लूटने वाले गिरोह पर कोटा पुलिस का शिकंजा, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार।

आंखों में मिर्ची डालकर बाइक लूटने वाले गिरोह पर कोटा पुलिस का शिकंजा, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार।
कोटा / बिलासपुर। रेलवे गतवा फाटक कोटा के पास बाइक सवार युवक की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर चाकू की नोक पर मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटने के मामले में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, ओप्पो मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर पुलिस को यह सफलता मिली।
मिर्ची पाउडर डालकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवम् कुमार ध्रुव निवासी ग्राम खुरदुर, जिला बिलासपुर, 11 नवंबर 2026 को अपने दोस्त के घर ग्राम दवनपुर में लक्ष्मी विसर्जन देखने अपनी एनएस पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 CC 2726 से गया था। कार्यक्रम से वापस लौटते समय रेलवे गतवा फाटक कोटा के पास तीन से चार अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने युवक की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसका ओप्पो मोबाइल, पल्सर मोटरसाइकिल और एक हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना कोटा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 296, 351(3), 308(4), 309(4) एवं 310(2) के तहत अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी कैलाश उर्फ बिल्लू पिता रामलाल साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 01 पड़ावपारा कोटा तथा तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, ओप्पो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त चाकू विधिवत जब्त किया गया।
मुख्य आरोपी न्यायिक रिमांड पर, तीन बालक बाल संप्रेषण गृह भेजे गए
पुलिस ने मुख्य आरोपी कैलाश उर्फ बिल्लू साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं तीन विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी प्र.उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, उप निरीक्षक कमल नारायण शर्मा, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक 192 धर्मेंद्र साहू, आरक्षक 1092 सुनील पटेल, आरक्षक 1136 दीप सिंह कंवर एवं आरक्षक 1040 विनोद यादव की विशेष भूमिका रही। कोटा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।



