घूम-घूमकर केबल तार चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोटा पुलिस ने 240 मीटर केबल तार किया बरामद।

घूम-घूमकर केबल तार चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोटा पुलिस ने 240 मीटर केबल तार किया बरामद।
कोटा। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से केबल तार चोरी करने वाले आरोपी को कोटा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 240 मीटर केबल तार सहित चोरी में उपयोग किए जाने वाले अन्य सामान भी जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहला मामला ग्राम लिटिया का है। जहां 14 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी बालाराम मेश्राम (46 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम लिटिया निवासी रामप्रसाद साहू के घर में रखे करीब 40 मीटर केबल तार, जिसकी कीमत लगभग 6 हजार रुपये थी, अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है।
वहीं दूसरा मामला ग्राम करगीकला का है। 30 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी हंसराज साहू (29 वर्ष) अपने खेत में फसल देखने गया था। इस दौरान उसने देखा कि एक युवक बोर पंप में लगे करीब 200 मीटर केबल तार को चोरी कर ले जा रहा है। प्रार्थी को देखकर आरोपी मौके से भागने लगा।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही रवि सिंह जगत (35 वर्ष), निवासी नवा पथरा, थाना कोटा को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 240 मीटर केबल तार, एक नग पेचिश तथा लोहे का हुक लगी दो नग चप्पल जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 883/2026 में धारा 331(2), 305(ए) बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 945/2026 में धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी प्रधान आरक्षक दिलीप साहू, सहायक उप निरीक्षक शिव साहू एवं प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव की विशेष भूमिका रही।
THE BILASA TIMES
सच का सारथी



