अहिंसा और गौ रक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा ‘यतियतन लाल सम्मान 2026,दो लाख रुपए की पुरस्कार राशि, 12 अक्टूबर शाम 5.30 बजे तक जमा होंगी प्रविष्टियां।


अहिंसा और गौ रक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा ‘यतियतन लाल सम्मान 2026,दो लाख रुपए की पुरस्कार राशि, 12 अक्टूबर शाम 5.30 बजे तक जमा होंगी प्रविष्टियां।
बिलासपुर, । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अहिंसा एवं गौ रक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय और उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति अथवा संस्था को ‘यतियतन लाल सम्मान 2026’ से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान के लिए इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं 12 अक्टूबर 2026 को शाम 5.30 बजे तक अपनी प्रविष्टियां जमा कर सकेंगे।
चयनित व्यक्ति अथवा संस्था को दो लाख रुपए की पुरस्कार राशि, मानपत्र एवं सम्मान प्रतीक चिन्ह प्रदान किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा स्थापित इस सम्मान का उद्देश्य अहिंसा एवं गौ रक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों, सेवाओं और अभिनव प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।
सम्मान के लिए चयन राज्य शासन द्वारा नियुक्त निर्णायक मंडल की अनुशंसा के आधार पर किया जाएगा। प्रविष्टि के साथ आवेदक को अपना पूर्ण परिचय तथा अहिंसा एवं गौ रक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों, सेवाओं और अभिनव प्रयासों की विस्तृत जानकारी देनी होगी। इसके अलावा पूर्व में प्राप्त पुरस्कारों का विवरण, उत्कृष्ट कार्यों एवं उनके वैचारिक पक्ष पर प्रकाशित साहित्य की सत्यापित प्रतियां तथा पत्र-पत्रिकाओं और ग्रंथों में प्रकाशित संबंधित सामग्री भी संलग्न करना आवश्यक होगा।
चयन होने की स्थिति में सम्मान ग्रहण करने के लिए व्यक्ति की लिखित सहमति भी आवश्यक होगी। यदि आवेदक राज्य अथवा केंद्र शासन के किसी विभाग, निगम या मंडल में सेवारत है, तो इसका स्पष्ट उल्लेख प्रविष्टि में करना होगा।
कलेक्टर कार्यालय में जमा होगी प्रविष्टि
आवेदक जिस जिले का निवासी है, वहां के कलेक्टर कार्यालय में निर्धारित अंतिम तिथि तक अपनी प्रविष्टि प्रस्तुत कर सकता है। बिलासपुर जिले के इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्थाएं अपनी प्रविष्टि कलेक्टर कार्यालय, बिलासपुर में जमा कर सकेंगे। शासन ने स्पष्ट किया है कि सामान्य प्रशासन विभाग को सीधे भेजी गई प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा।








