त्योहारों से पहले बिलासपुर पुलिस का शिकंजा, गुंडा-निगरानी बदमाशों की कराई परेड।


त्योहारों से पहले बिलासपुर पुलिस का शिकंजा, गुंडा-निगरानी बदमाशों की कराई परेड।
बिलासपुर। आगामी गणेशोत्सव, नवरात्रि, दशहरा एवं दीपावली पर्व को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने जिले के सभी थानों के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को तलब कर परेड कराई। पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी लेते हुए उन्हें शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की सख्त हिदायत दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के बदमाशों और असामाजिक तत्वों को बुलाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान उपद्रव, शांति भंग या किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सक्रिय बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर इस्तगासा तैयार करने तथा बाउंड ओवर की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस ने सभी से अपने परिवार के साथ शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की है।








