गणतंत्र का उत्सव स्कूल कॉलेज के विद्यार्थी ऑनलाइन जुड़कर करेंगे झंडावंदन।

गणतंत्र का उत्सव स्कूल कॉलेज के विद्यार्थी ऑनलाइन जुड़कर करेंगे झंडावंदन।
रायपुर । एक बार फिर कोरोना गाइडलाइन के हिसाब से गणतंत्र दिवस मनेगा। स्कूल-कालेज के विद्यार्थी आनलाइन जुड़कर झंडावंदन करेंगे। कोरोना के कारण स्कूल-कालेजों में भीड़ न हो इसलिए इस बार भी कोरोना के गाइडलाइन पर ही गणतंत्र दिवस का उत्सव मनाया जा रहा है। शहर के सभी सरकारी, निजी और केंद्रीय विद्यालयों में बच्चे स्कूल नहीं जाएंगे। घर से ही झंडावंदन करेंगे।
पुलिस परेड ग्राउंड में बनी रंगोली
इधर, राजधानी के पुलिस परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस समारोह मनाने की तैयारी पूर्ण हो चुकी है। यहां स्कूली बच्चों ने बेहतरीन रंगोली बनाई है। फायनल रिहर्सल में जवानों ने गार्ड आफ़ आनर दे चुके हैं। गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के लिए 500 अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
राज्यपाल देंगी संयुक्त परेड को सलामी
राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में सुबह नौ बजे ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगी। मुख्य समारोह के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुश्री उइके का प्रातः 8.59 बजे समारोह स्थल पर आगमन होगा। राज्यपाल प्रातः नौ बजे ध्वजारोहण एवं गार्ड आफ आनर द्वारा सलामी लेंगी। इसके बाद राज्यपाल राज्य की जनता के नाम संदेश देंगी।
राजपथ पर छटा बिखेरेगी गोधन न्याय की झांकी
26 जनवरी को नई दिल्ली के राजपथ पर मुख्य समारोह में देश के विभिन्न राज्यों की प्रदर्शित झांकियों में से लोग अपनी मन पसंद की झांकी का चयन कर सकते हैं। लोगों को पहली बार अपनी पसंद की झांकी को चुनने के लिए आनलाइन वोट की सुविधा मिली है। इसके लिए सर्वप्रथम http://mygov.in/rd2022 लिंक पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इस लिंक पर देश के राज्यों के नाम का आप्शन चयन के लिए उपलब्ध है, जिसकी झांकी पसंद आई है। छत्तीसगढ़ की गोधन न्याय योजना की झांकी भी राजपथ पर अपनी छटा बिखरेगी।
इस साल देश के सिर्फ 12 राज्यों की झांकियां ही प्रदर्शन के लिए चयनित हुई हैं, जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य भी शामिल है। कृषि प्रधान छत्तीसगढ़ राज्य की इस साल की झांकी गोधन न्याय योजना से संबंधित है। छत्तीसगढ़ की झांकी को रक्षा मंत्रालय की उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति द्वारा निर्धारित कठिन चयन प्रक्रिया के विभिन्न दौर से गुजरने के बाद यह सुअवसर मिला है।
आयुक्त जनसम्पर्क छत्तीसगढ़ दीपांशु काबरा ने बताया, विशेषज्ञ समिति ने आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर इंडिया-75 न्यू आईडिया की थीम घोषित की है। गोधन न्याय योजना को न्यू आइडिया के तौर पर चयनित किया गया है। गोधन न्याय योजना पर बनी छत्तीसगढ़ की झांकी की विशेषता है कि वह गांवों में उपलब्ध संसाधन और तरीकों को आधुनिक तकनीक के साथ प्रस्तुत करती है। यह बताती है कि शहरी और ग्रामीण की तकनीक को मिला लिया जाए, तो विश्व की कई समस्याओं का समाधान हो सकता है।

