छत्तीसगढ़बिलासपुर संभागमस्तुरीरमेश भट्ट - एडिटर& चीफ।

मल्हार स्कूल मामले में बड़ी कार्रवाई, प्राचार्य सहित तीन शिक्षक हटाए गए।

मल्हार स्कूल मामले में बड़ी कार्रवाई, प्राचार्य सहित तीन शिक्षक हटाए गए।

जांच में विद्यार्थियों से दुर्व्यवहार और शैक्षणिक अनियमितताओं की पुष्टि, तीनों को अन्य विद्यालयों में भेजने के आदेश

बिलासपुर, । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मल्हार में छात्र-छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और विद्यालय की व्यवस्थाओं में अनियमितताओं की शिकायतों पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर कराई गई जांच के बाद विद्यालय के प्राचार्य सहित तीन शिक्षकों को वहां से हटाकर अन्य विद्यालयों में कार्य करने के आदेश जारी किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था, विद्यार्थियों के साथ व्यवहार और शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर जनप्रतिनिधियों तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायतें मिली थीं। एक अक्टूबर को विद्यालय की छात्राओं ने भी कलेक्टर के समक्ष अपनी शिकायतें रखते हुए संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
तीन सदस्यीय जांच दल ने सौंपी रिपोर्ट
शिकायतों की जांच के लिए 30 सितंबर को तीन सदस्यीय दल गठित किया गया था। जांच दल ने विद्यार्थियों और विद्यालय के कर्मचारियों के बयान दर्ज किए तथा 7 अक्टूबर को अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। रिपोर्ट में प्राचार्य और दो व्याख्याताओं से संबंधित विभिन्न गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख किया गया।
जांच प्रतिवेदन के अनुसार, प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला के संबंध में विद्यार्थियों से दुर्व्यवहार, छात्राओं को सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने में अनियमितता, शाला शुल्क के नाम पर प्रति विद्यार्थी 500 रुपये अतिरिक्त वसूली तथा शैक्षणिक दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के निष्कर्ष सामने आए।
वहीं, व्याख्याता रश्मि गुप्ता के संबंध में विद्यार्थियों से दुर्व्यवहार, उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन और अध्यापन कार्य भृत्य से कराने सहित अन्य अनियमितताएं दर्ज की गईं। व्याख्याता संजय दुबे के मामले में भी विद्यार्थियों के साथ दुर्व्यवहार और शैक्षणिक दायित्वों से जुड़ी गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि जांच रिपोर्ट में की गई।

तीनों शिक्षकों को अलग-अलग विद्यालयों में भेजा गया

जांच दल की अनुशंसा और कलेक्टर के अनुमोदन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने 9 अक्टूबर को आदेश जारी किए। इसके तहत प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला को मस्तूरी विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल कुकुर्दीकेरा, व्याख्याता रश्मि गुप्ता को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पचपेड़ी तथा व्याख्याता संजय दुबे को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओखर में कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया है।

विद्यार्थियों की सुरक्षा और शैक्षणिक वातावरण सुधारने पर जोर

जिला प्रशासन की ओर से यह व्यवस्था विद्यालय का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। जारी आदेश राज्य शासन से स्थानांतरण आदेश प्राप्त होने की प्रत्याशा में प्रभावी किए गए हैं। शासन की ओर से अन्य संस्थाओं में पदस्थापना के आदेश जारी होने के बाद वर्तमान आदेश स्वतः निरस्त माने जाएंगे।

Youtube Channel

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!