अपराधछत्तीसगढ़बिलासपुर संभागरमेश भट्ट - एडिटर& चीफ।

गरबा की वेशभूषा में सिगरेट पीने और पिस्टलनुमा वस्तु दिखाने का मामला, 9 आरोपी गिरफ्तार।

गरबा की वेशभूषा में सिगरेट पीने और पिस्टलनुमा वस्तु दिखाने का मामला, 9 आरोपी गिरफ्तार।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद सिविल लाइन पुलिस की कार्रवाई, आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

बिलासपुर। गरबा नृत्य की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन करते हुए और पिस्टल जैसी वस्तु का प्रदर्शन करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिलासपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रचार के लिए बनाया गया था वीडियो
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने थाना सिविल लाइन पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक महिला और उसके महिला एवं पुरुष सहयोगियों ने गरबा नृत्य की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन करते हुए तथा पिस्टल जैसी वस्तु हाथ में लेकर वीडियो तैयार किया। बताया गया कि गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से बनाए गए इस वीडियो को इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रसारित किया गया।
शिकायतकर्ता ने वीडियो के कंटेंट को भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के विपरीत और अशोभनीय बताते हुए युवाओं पर इसके गलत प्रभाव पड़ने की आशंका जताई थी।
शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज
प्राप्त शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 1390/2026, धारा 196, 299 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर की प्रक्रिया भी की जा रही है।
बिलासपुर पुलिस की सोशल मीडिया यूजर्स को चेतावनी
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक आस्था, परंपराओं और सांस्कृतिक प्रतीकों का उपयोग प्रचार-प्रसार या मनोरंजन के नाम पर इस तरह नहीं किया जाना चाहिए, जिससे किसी वर्ग की भावनाएं आहत हों या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और प्रचार हासिल करने के लिए धार्मिक प्रतीकों का आपत्तिजनक प्रदर्शन, अशोभनीय सामग्री या हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और किसी भी आपत्तिजनक सामग्री को बिना सत्यापन के आगे साझा करने से बचें।

Youtube Channel

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!