गांधी जयंती पर डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट में गूंजा ‘रन फॉर डीएवी’ का संदेश,2 किमी दौड़ में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने लिया हिस्सा, ‘फिट इंडिया-स्वस्थ भारत’ का दिया संदेश।


गांधी जयंती पर डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट में गूंजा ‘रन फॉर डीएवी’ का संदेश,2 किमी दौड़ में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने लिया हिस्सा, ‘फिट इंडिया-स्वस्थ भारत’ का दिया संदेश।
कोटा गोबरीपाट । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट में 2 अक्टूबर को ‘रन फॉर डीएवी’ 2 किमी दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के दौरान ‘फिट इंडिया, स्वस्थ भारत’ और ‘स्वच्छता ही सेवा’ जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सरोज दुर्गेश साहू तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी डॉ. एफ.एल. साहू उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि श्रीमती सरोज दुर्गेश साहू ने गांधी जी के विचारों को याद करते हुए कहा कि स्वच्छता, स्वास्थ्य और सत्य के प्रति गांधी जी की सोच आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. एफ.एल. साहू ने भी विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित व्यायाम और खेलकूद के माध्यम से फिट इंडिया अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
हरी झंडी दिखाकर रवाना हुई दौड़
पूजा-अर्चना के बाद मुख्य अतिथि सरोज दुर्गेश साहू ने हरी झंडी दिखाकर ‘रन फॉर डीएवी’ दौड़ को रवाना किया। दौड़ विद्यालय परिसर से शुरू होकर नगर पंचायत चौक होते हुए लगभग 2 किलोमीटर की दूरी तक आयोजित की गई। कक्षा 6वीं से 12वीं तक के करीब 200 छात्र-छात्राओं तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य, स्वच्छता और फिटनेस से जुड़े संदेश दिए। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ गांधी जी के स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
विद्यार्थियों को बांटे गए फल और जूस
दौड़ के समापन के बाद सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा फल एवं जूस का वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं सावित्री, पुष्पा, दीपा, दिव्या, नेहा, श्रद्धा, राजकुमारी तथा शिक्षक चुन्नू लाल, रूपेश, अमित, निर्मल, महेंद्र, लक्ष्मीनारायण सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







