कांग्रेसी नेता पर हमले की सुपारी देने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार।


कांग्रेसी नेता पर हमले की सुपारी देने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
- तारबाहर पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, पूर्व में तीन आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेसी नेता श्याम कश्यप के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने कथित तौर पर हमले की सुपारी देने वाले मुख्य आरोपी नवीन पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने श्याम कश्यप को जान से मारने के लिए दीपक तिवारी को रुपये उपलब्ध कराए थे।
मामला 4 जुलाई 2026 की सुबह का है। शिकायतकर्ता शिशिर कश्यप के अनुसार उनके पिता मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। रेलवे अस्पताल के पास पहुंचने पर तीन अज्ञात व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधे हुए पहुंचे और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर डंडे एवं नुकीली वस्तु से मारपीट की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर तारबाहर पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की पहचान करते हुए संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में आरोपी नितिन टेकाम, साहिल सोनकर तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा था। पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी नवीन पटेल को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में नवीन पटेल ने श्याम कश्यप को जान से मारने के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना तारबाहर पुलिस एवं ACCU टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों एवं घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की विवेचना जारी है।








