कोटा न्यूज़छत्तीसगढ़बिलासपुर संभागरमेश भट्ट - एडिटर& चीफ।

नागपंचमी पर दलहा बाबा मंदिर में रामचरित मानस का वितरण।

नागपंचमी पर दलहा बाबा मंदिर में रामचरित मानस का वितरण

कोटा। सावन के पवित्र माह में आस्था और श्रद्धा के साथ पूरे अंचल में भगवान शिव की पूजा-अर्चना की जा रही है। जगह-जगह कांवड़ यात्राएं निकल रही हैं और बोल बम के नारों से क्षेत्र गुंजायमान है। इसी धार्मिक माहौल के बीच पूर्व जनपद अध्यक्ष कोटा संदीप शुक्ला द्वारा कोटा क्षेत्र की मानस मंडलियों को रामचरित मानस का वितरण किया जा रहा है।
संदीप शुक्ला ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आदि काल से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की रामचरित मानस का गायन-वादन सावन माह में प्रतिदिन किया जाता है, जिसे ‘सवनाही’ कहा जाता है। मोबाइल और आधुनिकता के दौर में यह सनातनी परंपरा धीरे-धीरे कम होती जा रही है। इसी परंपरा को पुनः गांव-गांव जीवंत करने के उद्देश्य से मानस मंडलियों को रामचरित मानस का वितरण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की मानस मंडलियों में हर्ष का माहौल है।

सावन माह के तीसरे सोमवार को ग्राम पंचायत नवागांव सलका स्थित प्रसिद्ध दलहा बाबा मंदिर में पूरे सावन माह भगवान शिव की पूजा-अर्चना के साथ रामचरित मानस का पाठ किया जा रहा है। नागपंचमी के अवसर पर भक्तों द्वारा रुद्राभिषेक का आयोजन भी किया गया।

इस पुण्य अवसर पर मंदिर परिसर में अमाली, नवागांव, बिलिबंद, झोंकापारा, लमेरपारा, डोंगरीपारा, पोंडी, गड्ढापारा, डबरीपारा, परसदा, श्रीपारा और सलका की मानस मंडलियों को रामचरित मानस का वितरण दलहा बाबा मंदिर के पुजारी पंडित राधेश्याम महाराज, मोहन श्रीवास एवं संदीप शुक्ला के करकमलों से किया गया। मंदिर के पुजारी पंडित राधेश्याम महाराज ने उपस्थित मानस मंडलियों को सावन माह की बधाई एवं आशीर्वाद देते हुए कहा कि पूर्व में कोटा के विधायक एवं मंत्री रहे स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद शुक्ला द्वारा अपने कार्यकाल में पूरे प्रदेश में तुलसी मानस सम्मान का आयोजन कराया जाता था। उसी परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, जो सनातन एवं हिंदू धर्म की परंपराओं के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। रामचरित मानस वितरण कार्यक्रम में अफजल खान, हैप्पी गुप्ता, विकास देवांगन, जय गुप्ता, दुर्गेश सिंह, राजकुमार सिंह, पवन आर्मो, प्रेम श्रीवास, ओमप्रकाश यादव, प्रेम यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे।

Youtube Channel

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!