NH-45 पर सड़क की बदहाली से बढ़ी परेशानी, रोज लग रहा जाम; ग्रामीणों ने आंदोलन की दी चेतावनी रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर घंटों फंस रहे वाहन, पूर्व जनपद अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा,

NH-45 पर सड़क की बदहाली से बढ़ी परेशानी, रोज लग रहा जाम; ग्रामीणों ने आंदोलन की दी चेतावनी रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर घंटों फंस रहे वाहन, पूर्व जनपद अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा,
बिलासपुर/पेंड्रा। बिलासपुर जिले से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले और छत्तीसगढ़ को मध्यप्रदेश एवं उत्तरप्रदेश से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण NH-45 इन दिनों बदहाली का शिकार है। रतनपुर से पेंड्रा के बीच सड़क की खराब हालत के कारण बारिश शुरू होने के बाद यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही वाले इस मार्ग पर लगातार लंबा जाम लग रहा है, जिससे यात्रियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले चार दिनों से प्रतिदिन सड़क पर जाम की स्थिति बन रही है। जाम में फंसे वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया जाता है, लेकिन कुछ ही देर बाद दोबारा वही स्थिति निर्मित हो जाती है। इससे वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों से जाम की सूचना मिलने पर पूर्व जनपद अध्यक्ष संदीप शुक्ला मौके पर पहुंचे और सड़क की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिस तकनीक से वर्तमान में सड़क का निर्माण किया जा रहा है, उसमें सुधार की आवश्यकता है। इस मार्ग पर वाहनों की संख्या और भारी वाहनों का लोड काफी अधिक है, ऐसे में डामर की सड़क लंबे समय तक टिक पाना मुश्किल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तकनीकी बदलाव करते हुए कांक्रीट सड़क निर्माण पर विचार करने की मांग की, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ रह सके।
जाम में फंसे यात्रियों ने बताई परेशानी.,जाम में फंसे यात्रियों ने बताया कि घंटों तक सड़क पर फंसे रहने के कारण उन्हें खाने-पीने की आवश्यक सामग्री तक के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों की देरी हो रही है।संदीप शुक्ला ने कहा कि एक ओर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी देश में बेहतर सड़क अधोसंरचना और पर्याप्त बजट की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर इस महत्वपूर्ण मार्ग की स्थिति दो साल से अधिक समय बीतने के बावजूद पहले से भी बदतर नजर आ रही है। इससे यात्रियों और आम जनता में भारी आक्रोश है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क और यातायात की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आम जनता आंदोलन के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी।
सांसदों और केंद्रीय मंत्री के कार्यालय को दी जानकारी
सड़क की समस्या के निराकरण के लिए संदीप शुक्ला ने क्षेत्र के सांसद तोखन साहू और राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम से फोन पर चर्चा कर उन्हें समस्या से अवगत कराया। उन्होंने आम जनता को हो रही परेशानियों की जानकारी भी दी। इसके अलावा केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के कार्यालय में फोन के माध्यम से समस्या की सूचना दी गई है। शुक्ला ने ईमेल के जरिए केंद्रीय मंत्री से मुलाकात का समय भी मांगा है।अब देखना होगा कि इन प्रयासों के बाद NH-45 की स्थिति में कितना सुधार होता है और यात्रियों को राहत मिलती है या फिर आने वाले दिनों में भी उन्हें जाम और बदहाल सड़क के बीच परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।




