सुशासन तिहार शिविर में 394 हितग्राहियों को मिला लाभ,क्षेत्र के विधायक धरमलाल कौशिक ने किया सामग्री और पट्टा वितरण
सुशासन तिहार मे पहुँचे आमजन

बिलासपुर, छत्तीसगढ़। नगर निगम के सिरगिट्टी जोन कार्यालय में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में नजूल भूमि के पट्टे, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कुल 394 आवेदनों का निराकरण कर हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, महापौर पूजा विधानी तथा भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं उपहार वितरण के साथ किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी के बच्चों और स्कूली विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा उन्हें प्रोत्साहित किया गया। वहीं पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ एवं भूमि पट्टों का वितरण भी किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी सोच के साथ गांव-गांव और शहर-शहर सुशासन तिहार के तहत समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।कौशिक ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के निराकरण के प्रति संवेदनशील रहने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा जनता से सीधे संवाद को सुशासन की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।




