बिलासपुर में रोटरी क्लब का वृहद वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

बिलासपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ़ बिलासपुर ने रविवार को चकरभाटा स्थित श्रीराम नगर में प्लांटेशन प्रोग्राम नं. 02 के तहत वृक्षारोपण अभियान चलाया। इसमे क्लब के पदाधिकारियों, सदस्य और शहर के आमजन ने छायादार, फलदार व पर्यावरण हितैषी पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब ऑफ़ बिलासपुर के अध्यक्ष अमित चक्रवर्ती ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ता तापमान, वनों की कटाई और प्रदूषण जैसी चुनौतियां मानव सभ्यता के लिए गंभीर खतरा बन चुकी हैं। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “एक वृक्ष सौ पुत्रों के समान होता है।” वृक्ष न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि वर्षा चक्र को संतुलित रखने, भूजल स्तर बनाए रखने और जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करे। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका संरक्षण भी उतना ही जरूरी है।कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग और पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति पौधारोपण कर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो पर्यावरणीय चुनौतियों का काफी हद तक समाधान संभव है।इस अवसर पर प्रो. आर. के. सक्सेना, हाशिम हामिद, रणबीर मरहास, अरुण पाठक, क्लब सचिव रंजीत पाल सिंह बाली, कोषाध्यक्ष राजीव भारद्वाज, पवन नालोटिया, दीपक खंडेलवाल, डॉ. जी.बी. सिंह, डॉ. प्रभात श्रीवास्तव, सतविंदर सिंह अरोड़ा, श्याम मित्तल, डॉ. संजय ढंडारिया, मोहम्मद वनक, अनुज शाह, एस.पी. चतुर्वेदी, रोहित शिवहरे, नवनीत अग्रवाल, एस.एस.डी. बड़गइया और सुबीर रॉय रायजादा सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर रणबीर मरहास की ओर से सभी अतिथियों और सदस्यों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। रोटरी क्लब ऑफ़ बिलासपुर ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़े सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया। क्लब का संदेश था कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है।




